India

Jun 16 2023, 17:07

नेपाल में रिलीज हो रही मेगा ब्लॉक बस्टर फिल्म आदिपुरुष को बैन करने की मांग, पढ़िए, माता सीता से इस देश का क्या है संबंध


महाकाव्य रामायण पर आधारित फिल्म 'आदिपुरुष' पर नेपाल में बैन लगा दिया गया है। काठमांडू के महापौर बालेंद्र शाह ने इसकी घोषणा करते हुए कहा है कि संवाद का एक हिस्सा नहीं हटाने तक यह जारी रहेगा।

काठमांडू. काठमांडू के महापौर बालेंद्र शाह ने महाकाव्य रामायण पर आधारित फिल्म ‘आदिपुरुष’ से संवाद का एक हिस्सा नहीं हटाने तक नेपाल की राजधानी में हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। महापौर शाह ने बदलाव करने के लिए तीन दिन का समय दिया है। शाह ने फेसबुक पर लिखा, दक्षिण भारतीय फिल्म ‘आदिपुरुष’ में निहित ‘जानकी भारत की बेटी है’ पंक्ति नेपाल और भारत में नहीं हटाए जाने तक काठमांडू महानगर में किसी भी हिंदी फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

फिल्म का शुक्रवार से नेपाल में प्रदर्शन होना है। हालांकि, नेपाल के फिल्म सेंसर बोर्ड ने कहा है कि उसने सीता को भारत की बेटी बताने वाले संवाद को हटाने के बाद ही फिल्म को रिलीज करने की इजाजत दी है। आदिपुरुष 2023 की सबसे बड़ी रिलीज़ में से एक है और 16 जून यानी आज ये देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह से तैयार है। ‘आदिपुरुष’ का डायरेक्शन ओम राउत ने किया है और इसमें प्रभास, भगवान राम और कृति सेनन, सीता के किरदार में हैं। यह इंडियन सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है। कई भाषाओं में रिलीज होने वाली आदिपुरुष दुनिया भर के सिनेमाघरों में 3डी प्रिंट में रिलीज की जाएगी।

बॉक्‍स आफिस पर बंपर ओपनिंग, मेगा हिट हो सकती है फिल्‍म

फिल्म निर्माता और व्यापार विश्लेषक गिरीश जौहर ने कहा कि आदिपुरुष सभी भाषाओं में बॉक्स ऑफिस पर तकरीबन 50 करोड़ रुपये के साथ अच्छी शुरुआत कर सकती है। यह एक सच्ची अखिल भारतीय फिल्म है जहाँ निर्देशक और निर्माता उत्तर से हैं, लेकिन उन्होंने दक्षिण के एक बड़े सितारे को लीड रोल में लिया है। प्रभास की बड़ी फैन फॉलोइंग को देखकर मेरा अनुमान है कि फिल्म हिंदी भाषा में तकरबन 15-18 करोड़ रुपये की ओपनिंग की होगी और यह मेगा हिट फिल्‍म हो सकती है।

रिलीज से पहले ही हिट हो गई आदिपुरुष, झटके में कमा लिए 210 करोड़ रुपये, तोड़ पायेगी दंगल का रिकॉर्ड?

आदिपुरुष फिल्म के रिलीज का इंतजार अब खत्म होने वाला है। 16 जून को फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो जाएगी। फिल्म के सुपरहिट होने की उम्मीद लगाई जा रही है। फिल्म के रिलीज से पहले ही प्रोड्यूसर्स ने राइट्स बेचकर 210 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली है।

India

Jun 16 2023, 16:23

कांग्रेस को आम आदमी पार्टी का बड़ा ऑफर, सौरभ भारद्वाज ने कहा-अगर वे दिल्ली-पंजाब छोड़ दें, तो हम भी एमपी-राजस्थान में नहीं लड़ेंगे चुनाव

#aap_minister_saurabh_bhardwaj_big_announcement 

आम आदमी पार्टी के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कांग्रेस को बड़ा ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पंजाब और दिल्ली में चुनाव नहीं लड़ती है तो आम आदमी पार्टी भी राजस्थान और मध्य प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ेगी।बता दें कि इस साल के अंत में राजस्‍थान और मध्‍य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। द‍िल्‍ली के बाद पंजाब में प्रचंड बहुमत के साथ म‍िली जीत और सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी राजस्‍थान और मध्‍य प्रदेश में चुनाव लड़ने वाली है। हालांकि इससे पहले कांग्रेस के लिए बड़ी पेशकश की है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज कांग्रेस के लिए एक ‘ऑफर’ लेकर आए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कह कि अगर कांग्रेस दिल्ली और पंजाब में चुनाव नहीं लड़ती है, तो आम आदमी पार्टी (आप) भी मध्य प्रदेश और राजस्थान में चुनाव नहीं लड़ेगी। दरअसल, जब सौरभ भारद्वाज से पूछा गया कि कहा जा रहा है कि मध्यप्रदेश और राजस्थान में आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी, वहां कांग्रेस को नुकसान पहुंचाएगी। अगर दोनों पार्टियां एक-दूसरे के वोट काटेंगी, तो एक साथ आने का क्या मतलब है। इसके जवाब में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीरो सीटें मिली थीं। अगर कांग्रेस कहती है कि वे दिल्ली-पंजाब में चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो हम भी कहेंगे कि हम मध्य प्रदेश-राजस्थान में चुनाव नहीं लड़ेंगे।

आप नेता का यह बयान यह ऐसे समय में आया है जब आप दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस से समर्थन पाने की उम्मीद कर रही है।

...तो संभव है कि अगली बार देश में चुनाव ही न हो-सौरभ भारद्वाज

यही नहीं सौरभ भारद्वाज ने दावा कि यदि विपक्षी पार्टियां 2024 के लोकसभा चुनाव में एकजुट नहीं हुईं तो संभव है कि अगली बार देश में चुनाव ही न हो। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में यह दावा भी किया कि यदि नरेन्द्र मोदी 2024 में फिर से प्रधानमंत्री चुने जाते हैं तो संभावना है कि वह संविधान को बदल दें और जब तक वह जीवित रहें तब तक के लिए खुद को देश का ‘राजा’ घोषित कर दें।

India

Jun 16 2023, 15:30

पीएम मोदी 21 जून को संयुक्त राष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की करेंगे अगुवाई, यूएनजीए अध्यक्ष भी समारोह में होंगे शामिल

#international_day_of_yoga_celebrations_at_un_with_pm_modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20-25 जून तक अमेरिका और मिस्र की आधिकारिक यात्र पर रहेंगे। अमेरिका की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में होने वाले समारोह में शामिल होंगे। भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर शोम्बी शार्प ने यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल 21 जून को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सचिवालय में योग सत्र की अगुवाई करेंगे।

भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट को-ऑर्डिनेटर शोम्बी शार्प ने कहा कि 2015 से दुनिया ने सही मायने में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को अपनाया है। उन्होंने कहा कि योग का महत्व हर कोई समझ गया है और 175 सदस्य देशों ने इस पर तुरंत हस्ताक्षर कर दिए। यह उन लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय दिनों में से एक है और वास्तव में बहुत सी चीजों का प्रतीक है। यह मानसिक स्वास्थ्य के लिए असरदार है। 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र में होने वाले समारोह में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 77वें सत्र के अध्यक्ष साबा कोरोसी भी इस समारोह में शामिल होंगे।कोरोसी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि मैं अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त राष्ट्र में होने वाले 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने के लिए उत्साहित हूं।

बता दें, 27 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विचार रखा था। भारत द्वारा पारित मसौदा प्रस्ताव को 175 देशों ने समर्थन दिया था। योग की सार्वभौमिक मान्यता और बढ़ती लोकप्रियता के साथ, संयुक्त राष्ट्र ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। इसके बाद पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया।

पीएम मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन के निमंत्रण पर अमेरिका जा रहे हैं। यह यात्रा न्यूयॉर्क से शुरू होगी, जहां प्रधानमंत्री 21 जून को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की अगुवाई करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी की यात्रा करेंगे। जहां 22 जून को व्हाइट हाउस में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। पीएम मोदी दोनों देशों के बीच हाई लेवल डॉयलाग को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति बाइडेन से मुलाकात करेंगे। 

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन उसी शाम प्रधानमंत्री के सम्मान में राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। पीएम मोदी अमेरिकी कांग्रेस के नेताओं के निमंत्रण पर 22 जून को अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। जिसमें प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष केविन मैक्कार्थी और सीनेट के अध्यक्ष चार्ल्स शूमर शामिल होंगे। 23 जून को प्रधानमंत्री मोदी के लिए अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन संयुक्त रूप से एक लंच की मेजबानी करेंगे। अपनी आधिकारिक व्यस्तताओं के अलावा प्रधानमंत्री मोदी प्रमुख सीईओ, पेशेवरों और अन्य प्रमुख हस्तियों के साथ कई मौकों पर बातचीत करने वाले हैं। वह प्रवासी भारतीयों से भी मिलेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 24-25 जून तक मिस्र की राजकीय यात्रा करने के लिए काहिरा जाएंगे। पीएम मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के निमंत्रण पर मिस्र का दौरा कर रहे हैं। जिसे उन्होंने जनवरी 2023 में दिया था, जब उन्होंने भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में ‘मुख्य अतिथि’ के रूप में शिरकत की थी।यह पीएम मोदी की मिस्र की पहली यात्रा होगी।

India

Jun 16 2023, 14:24

लंदन में तिरंगे का अपमान करने वाले खालिस्तानी समर्थक अवतार सिंह खांडा की मौत, अमृतपाल सिंह का था सहयोगी

#amritpal_singh_aide_avtar_singh_khanda_death

खालिस्तानी अलगाववादी और लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले का मास्टरमाइंड अवतार सिंह खांडा की ब्रिटेन में मौत हो गई है। खांडा खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह का करीबी माना जाता था। मिली जानकारी के मुताबिक खालिस्तानी समर्थक और वारिस पंजाब संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह का करीबी अवतार सिंह खंडा का बर्मिंघम में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वह ब्लड कैंसर से पीड़ित था और बर्मिंघम के अस्पताल में ही भर्ती था। 

कई सोशल मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अवतार सिंह खंडा को जहर दिया गया था। जिसके बाद उसे ब्रिटेन के बर्मिंघम शहर के एक अस्‍पताल में उसे भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि अवतार सिंह पिछले काफी समय से ब्लड कैंसर से भी जूझ रहा था। बुधवार को खांडा को लंदन के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था। सूत्रों ने बताया कि कैंसर के कारण थक्का फटने से खांडा के शरीर में जहर फैल गया। 

खांडा ने ही अमृतपाल को तैयार किया था

माना जाता है कि अवतार सिंह ने ही अमृतपाल को 'वारिस पंजाब दे' संगठन के नेता के रूप में पंजाब भेजा था। कुछ रिपोर्ट्स में तो यह भी कहा जाता है कि उसी ने अमृतपाल को ट्रेनिंग दी थी। 'वारिस पंजाब दे' का गठन दीप सिद्धू ने किया था। इसके साथ ही उसने कई सिख युवाओं को बम बनाने और आईईडी के इस्‍तेमाल की ट्रेनिंग दी थी। बताया जा रहा है कि अवतार सिंह के पिता और चाचा दोनों खालिस्तानी फोर्स के एक्टिव मेंबर थे और उसका मामा गुरजंत सिंह बुधसिंहवाला खालिस्तान लिबरेशन फोर्स का प्रमुख था। बता दें कि खंडा के चाचा का 1988 और पिता का 1991 में एनकाउंटर कर दिया गया था।

कौन था खांडा

बता दें कि लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमला करने वाले खालिस्तान समर्थकों में से कुछ मुख्य आरोपियों की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने तस्वीर जारी की थी। जिसमें लंदन में 19 मार्च 2023 को इंडिया हाउस पर हमला करने वालों का ब्यौरा मांगा गया है। इसमें से एक तस्वीर अवतार सिंह की भी थी। खांडा कथित तौर पर खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) की लंदन इकाई का प्रमुख था और केएलएफ आतंकवादी कुलवंत सिंह खुखराना का बेटा था।

India

Jun 16 2023, 13:34

मोदी सरकार ने अब बदला नेहरू मेमोरियल म्यूजियम का नाम, कांग्रेस ने कहा-प्रतिशोध और संकीर्णता का दूसरा नाम मोदी

#nehru_memorial_museum_name_changed_to_pm_museum_and_librar

नई दिल्ली में स्थित नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी का नाम बदल दिया गया है। अब इसे प्राइम मिनिस्टर म्यूजियम एंड लाइब्रेरी के नाम से जाना जाएगा। नेहरू मेमोरियल का नाम बदलने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

कांग्रेस ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी का नाम बदले जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की और उनको संकीर्ण सोच और बदला लेने वाला व्यक्ति बताया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक ट्वीट किया और कहा कि संकीर्णता और प्रतिशोध का दूसरा नाम मोदी है। 59 वर्षों से अधिक समय से नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय एक वैश्विक बौद्धिक ऐतिहासिक स्थल और पुस्तकों और अभिलेखों का खजाना रहा है। अब से इसे प्रधानमंत्री म्यूजियम और सोसायटी कहा जाएगा। पीएम मोदी भारतीय राष्ट्र-राज्य के शिल्पकार के नाम और विरासत को विकृत करने, नीचा दिखाने और नष्ट करने के लिए क्या नहीं करेंगे। अपनी असुरक्षाओं के बोझ तले दबा एक छोटे कद का व्यक्ति स्वघोषित विश्वगुरु बना फिर रहा है।

राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में फैसले पर लगी मुहर

नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी सोसाइटी की एक विशेष बैठक में इसका नाम बदलकर प्राइम मिनिस्टर्स म्यूजियम एंड लाइब्रेरी सोसाइटी करने का फैसला किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक हुई थी, जिसमें नेहरू मेमोरियल का नाम बदलने के फैसले पर मुहर लग गई। राजनाथ सिंह नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी के उपाध्यक्ष हैं। वहीं प्रधानमंत्री इसके अध्यक्ष हैं। इनके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, धर्मेंद्र प्रधान, जी किशन रेड्डी, अनुराग ठाकुर समेत 29 सदस्य इस सोसाइटी में शामिल हैं। 

देश के सभी प्रधानमंत्रियों को समर्पित एक म्यूजियम का पीएम मोदी ने दिया था प्रस्ताव

बता दें कि साल 2016 में पीएम मोदी ने एक प्रस्ताव रखा था कि तीन मूर्ति परिसर में देश के सभी प्रधानमंत्रियों को समर्पित एक म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा। उसी साल 25 नवंबर को एनएमएमएल की 162वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बीते साल 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री संग्रहालय को जनता के लिए खोल दिया गया था।

इससे पहले भी बदले गए कई नाम

बता दें कि 2014 में मोदी सरकार आने के बाद से कई जगहों के नाम बदले गए हैं। इससे पहले मुगल गार्डन का नाम बदलकर अमृत उद्यान किया गया था। ये गार्डन राष्ट्रपति भवन के सामने है। मुगल गार्डन का नाम बदले जाने पर काफी सियासी हाय-तौबा मची थी। कांग्रेस ने नाम बदलने को इतिहास मिटाने की ओर कदम बताया था।

कभी पंडित जवाहर लाल नेहरू का घर रहा है ये भवन

गौरतलब हो कि तीन मूर्ति मार्ग पर बना हुआ प्रधानमंत्री संग्राहलय देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का घर रहा था। भारत के प्रधानमंत्री बनने के बाद से उनके अंतिम सांस लेने तक पंडित जवाहर लाल नेहरू वहीं रहते थे। साल 1948 में जब पंडित नेहरू देश के प्रधानमंत्री बने तो तीन मूर्ति भवन उनका आधिकारिक आवास बन गया। पंडित नेहरू 16 साल तक इस घर में रहे और यहीं पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यू के बाद, सरकार ने उस घर को मेमोरियल घोषित कर दिया और उसी घर के अहाते में एक लाइब्रेरी का निर्माण कराया। इस लाइब्रेरी में देश के पत्रकार, लेखक, रिर्सच स्टूडेंट नेहरू के समय की सरकारों उनकी नीतियों और समकालीन देशों की किताबों को पढ़ते हैं। अब इसी लाइब्रेरी का मोदी सरकार ने नाम बदल दिया है जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी विरोध कर रही है।

India

Jun 16 2023, 12:26

मणिपुर में थम नहीं रही हिंसा, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री आरके रंजन सिंह के घर पर उग्र भीड़ ने लगा दी आग, पेट्रोल बम लेकर आए थे लोग

मणिपुर में हिंसा कम होने का नाम नहीं ले रही है। ताजा घटनाक्रम में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री आरके रंजन सिंह के घर पर हमले की खबर है जिसकी पुष्टि मणिपुर सरकार ने भी की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात इंफाल के कोंगबा में आरके रंजन सिंह के आवास में भीड़ ने आग लगा दी। इस संबंध में न्यूज एजेंसी एएनआई ने खबर दी है।

कितना पहुंचा नुकसान

मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर एएनआई से बात करते हुए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री आरके रंजन सिंह ने कहा कि मैं इस समय आधिकारिक काम से केरल में हूं। शुक्र है कि मेरे आवास में जो आग लगायी गयी है। उसमें कोई हताहत नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बदमाश पेट्रोल बम लेकर आए थे। उन्होंने ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल को नुकसान पहुंचाया।

पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में शांति की अपील करते हुए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री आरके रंजन सिंह ने कहा कि मेरे गृह राज्य में ये सब हो रहा है जिसे देखकर मैं दुखी हूं। मैं अब भी लोगों से शांति की अपील कर रहा हूं। इस तरह की हिंसा अमानवीय हैं।

खाली घरों में लगायी गयी आग

इधर जातीय संघर्ष से प्रभावित मणिपुर में गुरुवार को भीड़ ने कम से कम दो खाली घरों में आग लगा दी जिससे इलाके में और तनाव फैल गया। सुरक्षा बलों ने इंफाल के न्यू चेकॉन में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया और भीड़ पर आंसू गैस के गोले छोड़े गये। आगजनी की इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि जिन घरों में आग लगायी गयी, वे खाली थे। पिछले महीने राज्य में जातीय हिंसा शुरू होने के बाद उन घरों के लोग वहां से पलायन कर गये थे। यह घटना ऐसे समय हुई जब सेना और असम राइफल्स के जवानों ने राज्य में हिंसा बढ़ने के बाद अपना अभियान तेज कर दिया है।

India

Jun 16 2023, 11:57

औरंगजेब को लेकर महाराष्ट्र में विवाद जारी, कोल्हापुर और अहमदनगर के बाद अब लातूर में बवाल, सियासी रस्साकशी भी शुरू

#aurangzeb_status_controversy_in_maharashtra_hindu_organization_morcha_in_latur

महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोल्हापुर और अहमदनगर के बाद अब लातूर में बवाल छिड़ गया है। लातूर जिले के किल्लारी गांव में एक शख्स ने सोशल मीडिया पर औरंगजेब की तस्वीर के साथ स्टेटस बना रखा था। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।वहीं दूसरी ओर, हिंदू वादी संगठनों औरंगजेब के स्टेटस के विरोध में मोर्चा निकाला और दुकानों को बंद करवा दिया।

बताया जा रहा है कि लातूर जिले के किल्लारी गांव में एक शख्स ने सोशल मीडिया पर औरंगजेब की तस्वीर के साथ स्टेटस बना रखा था। शख्स द्वारा स्टेटस पर औरंगजेब की तस्वीर लगाने की जैसे ही खबर हिंदू संगठनों को मिली तो वह भड़क गए। हिंदू संगठनों ने इसे भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। साथ ही, इसके विरोध में उन्होंने गुरुवार 15 जून को एक मोर्चा निकाला और दुकानों को बंद करवा दिया था।हालांकि, पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए औरंगजेब की तस्वीर स्टेटस पर लगाने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने हिंदू संगठनों से बातचीत कर बवाल को बढ़ने से रोका।

कोल्हापुर और अहमदनगर मे हो चुका है बवाल

इससे पहले कोल्हापुर और अहमदनगर में औरंगजेब और टीपू सुल्तान की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर करने को लेकर काफी बवाल हुआ था। बता दें कि महाराष्ट्र के तत्कालीन शाही शहर कोल्हापुर में मुगल बादशाह औरंगजेब और मैसूर के राजा टीपू सुल्तान की प्रशंसा को लेकर बीते 7 जून को विरोध प्रदर्शन और कुछ हिंदू संगठनों द्वारा बंद का आह्वान किया गया था। इस दौरान भीड़ ने सुरक्षा बलों पर हमला और पथराव भी किया।इस मामले में कोल्हापुर और अहमदनगर में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इन मामलों में अब तक 40 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की चीजों से सांप्रदायिक सद्भाव प्रभावित होता है। इससे बचने के लिए ये गिरफ्तारियां की गई हैं।

फडनवीस ने कहा-अचानक पैदा हुईं औरंगजेब की औलादें

औरंगजेब और टीपू सुल्तान को लेकर हो रहे बवाल के बीच महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। फडनवीस ने कहा है कि, महाराष्ट्र में अचानक औरंगजेब की औलादें पैदा हुई हैं। इसके कारण एक दुर्भावना समाज में पैदा हो रही है। जिसके चलते तनाव भी बन रहा है। सवाल ये है कि औरंगजेब की औलादें कहां से पैदा हो रही हैं।

औरंगजेब की औलाद कहने पर भड़के असदुद्दीन ओवैसी

देवेंद्र फडणवीस के इस बयान पर एआईएमआईएम चीफ और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, महाराष्ट्र के गृह मंत्री फडणवीस बोले कि ये औरंगजेब की औलाद। अच्छा... आपको पूरा मालूम, कौन किसकी औलाद है, ये आपको मालूम है। मुझे नहीं पता था कि इतने एक्सपर्ट हैं आप। फिर ये गोडसे की औलाद कौन है, बोलें। ये आप्टे की औलाद कौन है।

India

Jun 16 2023, 11:52

सऊदी अरब में कैद एक भारतीय नागरिक के मामले में सुनवाई के दौरान कर्नाटक हाईकोर्ट ने फेसबुक को दी चेतावनी, नहीं चेते तो भारत में कर देंगे बंद

कर्नाटक हाईकोर्ट ने बुधवार को फेसबुक को चेतावनी दी कि हम भारत में आपको बंद करने का आदेश जारी करने पर विचार करेंगे। हाईकोर्ट ने यह चेतावनी सऊदी अरब में कैद एक भारतीय नागरिक के मामले में सुनवाई के दौरान दी। कोर्ट ने कहा कि फेसबुक कर्नाटक पुलिस के साथ सहयोग नहीं कर रही है।

जस्टिस कृष्ण एस. दीक्षित की पीठ ने इस मामले में सुनवाई की। दक्षिण कन्नड़ जिले के बिकर्णकट्टे में रहने वाली कविता ने याचिका दायर की है। कोर्ट ने फेसबुक को आदेश दिया, "आवश्यक जानकारी के साथ पूरी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर अदालत में प्रस्तुत की जानी चाहिए।"

कोर्ट ने कहा कि केंद्र सरकार को यह जानकारी देनी चाहिए कि फर्जी मामले में भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किए जाने पर क्या कार्रवाई की गई। मंगलुरु पुलिस भी इस मामले में पूरी जांच करे और रिपोर्ट पेश करे। इस मामले में अगली सुनवाई 22 जून को होगी।

India

Jun 16 2023, 11:25

गुजरात में तबाही मचाने के बाद आज राजस्थान पहुंच रहा चक्रवाती तूफान बिपरजॉय, 5 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

#cyclone_biparjoy_rain_alert_in_rajasthan

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय अब राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। ये आज दोपहर तक राजस्थान से टकरा सकता है। इससे पहले कच्छ और आसपास के इलाकों में ये भारी तबाही मचा चुका है। मौसम विभाग ने राजस्थान में 16 जून को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने राजस्थान में दस्तक दे दी है। तूफान ने बाड़मेर के रास्ते राजस्थान में एंट्री ली है। इसके आते ही बाड़मेर में हल्की बारिश शुरू हो गई है। स्थिति और भी बिगड़ सकती है। 5 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में निचले इलाकों में लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। राजस्थान में भारी बारिश के कारण बाढ़ आने के आसार हैं। राजस्थान के बीकानेर, सिरोही, पाली में भी 16 जून की रात और 17 की सुबह में भारी बारिश हो सकती है। यहां भी एलर्ट जारी किया गया है। हालाँकि, इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के चलने की बात सामने नहीं आ रही है। इसके साथ ही प्रदेश में इस तूफ़ान का असर नहीं दिखेगा। इस तूफ़ान का असर 17 जून को ज्यादा दिख सकता है। जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, पाली, नागौर में भारी बारिश की पूरी संभावना है। दक्षिण राजस्थान में बारिश के दौरान 50 से 60 किमी की रफ़्तार से हवाएं चल सकती है।

बिपरजॉय के कहर को देखते हुए जोधपुर में परीक्षा स्थगित कर दी गई हैं।जोधपुर संभाग में जोधपुर यूनिवर्सिटी के सभी कॉलेजों की 16 और 17 जून की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।

India

Jun 16 2023, 10:48

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, मार गिराए पांच आतंकी, सर्च ऑपरेशन जारी

#jammu_kashmir_kupwara_security_forces_encounter_5_terrorist

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यहां कुपवाड़ा जिले में एक ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 5 आतंकियों को मार गिराया है। यह सभी आतंकी पाकिस्तान के रहने वाले थे।मुठभेड़ कुपवाड़ा में एलओसी के जुमागुंडा इलाके में हो रही है। खास इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने यहां सर्च ऑपरेशन शुरू किया था जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।कश्मीर के एडीजीपी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कुपवाड़ा एनकाउंटर में 5 आतंकियों ढेर कर दिया गया है। बाकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।

जम्मू कश्मीर पुलिस और सेना के संयुक्त ऑपरेशन में इन आतंकियों को मार गिराया गया है।सुरक्षा बलों ने एक विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर उत्तरी कश्मीर जिले में नियंत्रण रेखा के पास जुमागुंड क्षेत्र में एक अभियान शुरू किया, जो तड़के मुठभेड़ में तब्दील हो गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने उन पर फायरिंग कर दी। सुरक्षा एजेंसियों और आतंकियों के बीच इस मुठभेड़ में 5 पाकिस्तानी आतंकी मार गिराए।

मंगलवार को दो आतंकियों को मार गिराया

इससे पहले उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा ज़िले के मच्छिल सेक्टर में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की साजिश को नाकाम करते हुए ऑपरेशन डोगा नार के तहत मंगलवार को दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए दहशतगर्दों के पास से हथियार और गोला बारूद बरामद। सेना के अनुसार मारे गए आतंकवादियों की शिनाख्त और उनके संगठन का पता लगाया जा रहा है। दोनों के पाकिस्तानी होने का संदेह है।